मीडिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के हाथरस के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट यात्री बस में आग लग गई। बस बीच सड़क पर धू-धूकर जल उठी। इस दौरान यात्री बाल-बाल बच गए। उन्होंने बस की खिड़की से बाहर कूदकर जान बचाई। हाथरस के मिढ़ावली गांव के पास हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार, निजी स्लीपर बस रविवार रात 8 बजे दिल्ली के वजीराबाद से बिहार के सुपौल के लिए निकली थी। जैसे ही बस हाथरस के सादाबाद से गुजरी मिढावली गांव के पास बस के ऊपर रखे सामान में आग लग गई। आग देखते ही जागरूक यात्रियों ने चिल्लाना शुरू किया। बस में आग की सूचना पर स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें देखा जा सकता है कि बस धू-धूकर जल रही है।

