अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू होने में कुछ ही घंटे बचे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, अमेरिका में मतदान केंद्र 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच खुलेंगे। भारतीय समयानुसार अमेरिका में मंगलवार शाम 4:30 बजे मतदान शुरू होगा, जो बुधवार सुबह 6:30 बजे तक जारी रहेगा। राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी की ओर से डोनाल्ड ट्रंप के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों उम्मीदवार अभियान के अंतिम दिनों में उत्तरी कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया, मिशिगन और विस्कॉन्सिन जैसे राज्यों पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही हैं। सोमवार को ट्रंप और हैरिस ने पेंसिल्वेनिया में धुआंधार प्रचार किया है। हैरिस ने पेंसिल्वेनिया के बाद फिलाडेल्फिया में रैली का समापन किया, जिसमें गायिका लेडी गागा भी शामिल हुई थीं।
बता दें कि अमेरिका में अभी तक 8 करोड़ लोग मतदान कर चुके हैं, जो 2020 में डाले गए कुल वोटों का आधा हिस्सा है।

